बाइक से जालौन रोड पर जा रहे युवक को विपरीत दिशा से आ रहे तेजरफ्तार ट्रक चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक घायल हो गया। लोगाें ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को लोगों ने दबोचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। एक अन्य हादसे में घायल अधेड़ की उपचार के दौरान मेडिकल कालेज झांसी में मौत हो गई।
शहर कोतवाली के मुहल्ला तुलसीनगर निवासी नितेश गहोई (25) शनिवार की सुबह करीब 11 बजे बाइक से जालौन रोड सुशीलनगर काम से जा रहा था। जब उसकी बाइक जालौन रोड स्थित बाईपास पर पहुंची तभी जालौन की ओर से आ रहे तेजरफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट न लगाने से उसके सिर में गंभीर चोट आई। लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनाें को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनाें ने उसकी हालत गंभीर होने पर उसे कालपी रोड स्थित मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है।
उधर हादसे को अंजाम देने के बाद भाग रहे ट्रक चालक को लोगों ने दबोचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने परिजनाें की तहरीर पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की बात कही है। इसी तरह उरई कोतवाली के मुहल्ला बघौरा निवासी बकरीदन ने उरई कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति बरकत अली बुधवार को राठ रोड स्थित मंडी की ओर पैदल जा रहे थे तभी वहां डकोर की ओर से आ रहे तेजरफ्तार ट्रैक्टर ने उसके पति को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका मेडिकल कालेज झांसी में इलाज चल रहा था। शुक्रवार की रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रैैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की बात कही है।