उरई (जालौन)। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मेडिकल कालेज पहुंचाया। जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि वह बांदा से बाइक लेकर दिल्ली जा रहे थे।
बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र के चिलहेटा गांव निवासी परमलाल का 22 वर्षीय पुत्र रोहित अपनी रोहिणी, दिल्ली निवासी बुआ मेहर सुधा के पुत्र शिवम (21) के साथ बाइक से शुक्रवार चार बजे दिल्ली जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के कैथेरी के पास पहुंची, तभी किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों एक्सप्रेसवे पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों को मेडिकल कालेज भिजवाया। जहां रोहित को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर ब्यूटी क्लीनिक में काम करता था। शिवम के साथ दो दिन पहले ही घर आया था। दोनों दिल्ली लौट रहे थे। तभी हादसा हो गया। शिवम का मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। बताया कि रोहित के एक भाई व तीन बहन हैं। उसका रिश्ता भी तय हो गया था। कुछ ही दिन बाद उसकी शादी होनी थी। उसकी मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बाइक सवार हेलमेट लगाए थे। कोतवाल अरुण कुमार राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।