औरास (उन्नाव)। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे में तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में बाइक सवार पिता और उसके दो बेटे घायल हो गए। अस्पताल में पिता और बड़े बेटे की मौत हो गई। छोटे बेटे को लखनऊ रेफर किया गया है।
बांगरमऊ कोतवाली को बल्लापुर गांव निवासी राजेश पाल (60) बड़े बेटे संदीप (23) और प्रद्युम्न (21) के साथ लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती साढ़ू को देखने मंगलवार शाम को गए थे। बुधवार सुबह करीब 7.30 बजे पिता दोनों पुत्रों के साथ घर लौट रहे थे।
बाइक संदीप चला रहा था। औरास थाने के जमालनगर गांव के सामने एक्सप्रेसवे पर कोहरा अधिक होने से सड़क किनारे खड़ा ट्रक नहीं दिखा। नजदीक पहुंचने पर अचानक ट्रक दिखने से बाइक अनियंत्रित होकर उसी में घुस गई। घटना में पिता और दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।
यूपीडा और पुलिस की टीम ने सभी को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टर ने संदीप और पिता राजेश को मृत घोषित कर दिया। प्रद्युम्न को रेफर कर दिया गया। मृतक के पास मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई।
मृतक की पत्नी रेशमा के साथ मां मानकुमारी और अन्य परिजन बेहाल हैं। राजेश पाल खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन पोषण करता था। संदीप खेती में हाथ बंटाता था। थानाध्यक्ष रेखा सिंह ने बताया कि खड़े ट्रक में बाइक पीछे से घुसी थी। घटना में पिता पुत्र की मौत हुई है। छोटा बेटा घायल हुआ है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।