आटा (जालौन)। ट्रक ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। जिससे बाइक ट्रक में फंस गई। ट्रक चालक बाइक को लगभग दो सौ मीटर तक घसीटता ले गया। जिससे बाइक चालक की मौत हो गई। जबकि बाइक की रगड़ से निकली चिंगारी से ट्रक व बाइक में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया तब तक दोनों वाहन जल गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद करीब दो घंटे जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
थाना क्षेत्र के इटौरा निवासी अवधेश गुप्ता उर्फ कल्लू (46) गांव में ही तेल मिल लगाए था। गुरुवार को किसी काम के चलते वह बाइक से कालपी गए थे। दोपहर में लौटते समय जब उनकी बाइक इटौरा चौकी क्षेत्र के कालपी-चिनोट मार्ग पर पहुंची कि सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक ट्रक में फंसकर दो सौ मीटर तक घिसटती चली गई। जिससे बाइक सवार अवधेश की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक में बाइक फंसने के दौरान निकली चिंगारी से दोनों वाहनों में आग लग गई। जानकारी पर थाना पुलिस व फायर टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दोनों वाहन जल गए। वहीं, अवधेश की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। परिजनों ने बताया कि उसके दो बेटे आर्यन, अंजुल गुप्ता व बेटी है। उसकी मौत से पत्नी रजनी सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कालपी सीओ देवेंद्र पचौरी ने बताया तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।