जालौन। छुट्टी पर घर जा रहे हेड कांस्टेबल की बाइक मंगलवार को औरैया रोड पर नीलगाय से टकरा गई। हादसे में हेड कांस्टेबल घायल हो गया। लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। गंभीर हालत होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया।
जनपद कन्नौज निवासी हेड कांस्टेबल यदुनाथ (45) पुलिस ऑफिस कार्यालय उरई में तैनात हैं। मंगलवार को वह छुट्टी लेकर बाइक से घर जा रहे थे। दोपहर करीब दो बजे जब वह बाइक से औरैया रोड पर कुदारी गांव के पास पहुंचा कि तभी अचानक से खेतों से निकलकर नीलगाय उनके सामने आ गई। इससे वह संतुलन नहीं रख सका और बाइक नीलगाय से टकरा गई। हादसे में हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना यूपी 112 को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया गया।