उरई (जालौन)। बाइक से रिश्तेदार के साथ उरई लौट रही महिला की बाइक उरई चुर्खी रोड स्थित औंता गांव के पास सामने से आ रहे तेजरफ्तार आटो ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार महिला व उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणाें ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां महिला की हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। एक अन्य हादसे में बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनाें ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
शहर कोतवाली के मुहल्ला शिवपुरी निवासी गंगावती कुशवाहा (35) पत्नी मंगल कुशवाहा मंगलवार को अपने रिश्तेदार शिवम् (19) के साथ बाइक से चुर्खी थाना के गांव रिनियां बेंदापुर गई थी। वहां से करीब एक बजे दोनाें बाइक से वापस उरई आ रहे थे। जब उनकी बाइक चुर्खी थाना के गंाव औंता के पास पहुंची तभी उरई की ओर से आ रहे तेजरफ्तार आटो ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार महिला व युवक सड़क पर गिर गए। हेलमेट न लगाने के कारण दोनाें के सिर में गंभीर चोट आई। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणाें ने घायलाें को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां महिला गंगावती की हालत गंभीर देखते हुए डाक्टर ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया। हादसे के बाद आटो चालक मौके से भाग गया। हमीरपुर के जरिया थाना के गांव रावतपुर निवासी खेमचंद्र (40) अपनी बाइक से गोहांड जा रहे थे। उरई राठ रोड पर विपरीत दिशा से आ रही तेजरफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनाें ने उसे जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया है।