बेतवा के जलस्तर में उतार से दिखता टीला।
- फोटो : अमर उजाला
मुहम्मदाबाद (जालौन)। बेतवा में माता टीला बांध से ढाई लाख क्यूसेक पानी छोड़ने के बाद बेतवा अचानक उफान पर आ गई थी। बेतवा का जलस्तर 119.54 तक पानी शाम छह बजे तक बना रहा। बेतवा का खतरे का निशान 122 मीटर से महज लगभग तीन मीटर नीचे रही। हालांकि 13 जुलाई को सुबह 6 बजे तक इसका जलस्तर घटकर 116.40 पर पहुंच गया। इसके बाद दोपहर से लेकर शाम तक बेतवा में पानी का उफान फिर बढ़ा और यह 117.30 मीटर हो गया। गुरुवार को सुबह 10 बजे तक फिर इसके जलस्तर पर में घटाव देखा गया और यह 116.01 मीटर के स्तर पर रहा। फिलहाल गुरूवार को जनपद में हुई तेज बारिश को देखते हुए बेतवा में देर रात तक पानी बढ़ने की आशंका बढ़ गई है। वहीं क्षेत्रीय लोग बेतवा के जल स्तर में बार-बार बढ़ोतरी को लेकर खासे चिंतित है।
गांवों में घुसा पानी, संक्रमण की आशंका
बेतवा का पानी बढ़ने से कोटरा समेत करीब आधा दर्जन गांवों में पानी घुस गया। इस दौरान ग्रामीण भयाक्रांत हो उठे। अब हालांकि जलस्तर थोड़ा घट गया है लेकिन गांव में पानी हटने के बाद अब यहां संक्रमण फैलने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने जिला स्वास्थ्य विभाग से गांव में एक टीम भेजने और लोगों का चेकअप करने की मांग की है।