मतदान से पहले सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी ने सोमवार
को चुनाव प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में निर्देश दिए कि सभी तैयारियां
पहले से ही दुरुस्त कर ली जाएं। किसी भी हाल में चुनाव कार्य में लापरवाही
बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतपत्रों को पर्याप्त संख्या में
छपवाया जाए। मतदान के दौरान मतपत्रों की कमी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में
जिलाधिकारी रामगणेश ने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही
न बरती जाए। कोषाधिकारी को पंचायत चुनाव में लेखा अधिकारी का दायित्व
सौंपा गया है। जिलाधिकारी ने उन्हें निर्देश दिए कि सभी प्रत्याशियों का
लेखा-जोखा दुरुस्त रखें। कौन प्रत्याशी कितने रुपये खर्च कर रहा है इस पर
कड़ी निगरानी होनी चाहिए। वाहन व्यवस्था का
दायित्व एआरटीओ एके त्रिपाठी को
दिया गया है। पिछली बार 56 सेक्टर बनाए गए थे जबकि इस बार 80 सेक्टर बने
हैं। इसलिए इस बार अधिक वाहनों की आवश्यकता होगी। जिलाधिकारी ने निर्देश
दिए कि वाहनों की व्यवस्था पहले से कर लें। चुनाव की सारी स्टेशनरी जिले
में ही छप रही है। इसकी प्रगति पर उप निर्वाचन अधिकारी एसपी सिंह ने बताया
कि स्टेशनरी
की जिम्मेदारी कृषि प्रसार अधिकारी को दी गई है। स्टेशनरी
मंगलवार को कार्यालय में आ जाएगी। इसके साथ ही बैठक में जिला पंचायत राज
अधिकारी को मतपेटियों की व्यवस्था भी दुरुस्त रखने के लिए कहा गया। डीएम ने
कहा कि जो मतपेटियां खराब हैं, उन्हें सही कराया जाए।