मरगाया गौशाला का निरीक्षण करते बीडीओ
- फोटो : ORAI
कदौरा। बीडीओ अतिरंजन सिंह ने रविवार को ब्लाक क्षेत्र के मरगांया स्थित गोशालाओं का निरीक्षण किया और गोशालाओं में गंदगी देख कर सफाई कर्मियों को फटकार लगाकर साफ सफाई कराई। कमेटी के सदस्यों को हिदायत दी कि साफ सफाई व अलाव की व्यवस्था सुचारु रूप से रखें, वरना कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बीडीओ को बताया कि गांव में तीन गोशाला हैं, जिससे गांव में अन्ना मवेशियों की समस्या खत्म हो गई है, लेकिन गांव में अभी भी कई पशुपालक ऐसे है जो अपने जानवरों को अन्ना छोड़ देते है। जिनके मवेशी उनके खेतों पर पहुंच कर फसल को नुकसान पहुंचाते हैं। बीडीओ ने ग्रामीणों द्वारा सूची बनवा कर ग्राम प्रधान को मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए, साथ ही डुगडुगी पिटवाने के लिए भी कहा। वहीं पंचायत भवन में कब्जे की शिकायत पर बीडीओ ने नोटिस जारी कर तत्काल खाली कराने के निर्देश दिए।
बीडीओ अतिरंजन सिंह ने बताया कि मरगांया गांव में तीन अस्थायी गोशालाएं चल रही हैं, दो गोशालाओं में मवेशी कम होने पर एक अस्थायी गोशाला को बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही आधा सैकड़ा पशुपालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रधान को निर्देश दिए है। सर्दी को देखते हुए सभी सचिवों को अपने ग्रामों में रुकने के लिए कहा है, ताकि गोशाला संचालन में परेशानी न हो। बीडीओ ने ग्रामीणों की समस्याएं सुन कर उनका जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान एडीओ आईएसबी मनोज गुप्ता, ग्राम विकास अधिकारी वन्दना सिंह, ग्राम प्रधान उदयभान अहिरवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।