बीडीओ आवास के बाहर टूटे सीसीटीवी कैमरे देखते एसडीएम
- फोटो : ORAI
कोंच। बीडीओ के सरकारी आवास के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे दिनदहाड़े टूटने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। बीडीओ दीपक यादव सुबह एक सरकारी काम से गए थे, वहां से लौट कर आए तो आवास के बाहर ईंट पत्थर पड़े थे और सीसीटीवी कैमरे टूटे पड़े थे।
बीडीओ दीपक यादव सुबह 10 बजे अपने सरकारी आवास से एक सरकारी कार्यक्रम में गए थे, 4 बजे के करीब जब वे लौट कर आए तो आवास के बाहर पत्थर पड़े थे और आवास के बाहर लगे दो सीसीटीवी कैमरे टूटे पड़े थे। इतना देख कर बीडीओ हड़बड़ा गए और तत्काल एसडीएम अशोक कुमार तथा कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने अंदर जाकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें साफ हो गया कि 2 बजकर 41 मिनट पर चार पांच स्कूली बच्चे आवास के अंदर आते हैं और फिर पत्थर उठा कर आवास में लगे दोनों कैमरे तोड़ दिए। एसडीएम ने कहा है कि बच्चों के अभिभावकों को बुलाया जा रहा है ताकि उन्हें हिदायत दी जा सके।