उरई। ऋण के बकाया वसूली के लिए टीम के साथ गए बैंक मैनेजर से बकायेदार ने अभद्रता कर दी। जब मैनेजर ने विरोध किया तो उसने साथियों के साथ मारपीट कर दी। मौजूद साथियों ने किसी तरह उन्हें आरोपियों से छुडाया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के इंडियन बैंक मंडी शाखा के मैनेजर सौरभ निरंजन शनिवार को सहयोगी विनोद कुमार, कुलदीप कुमार, दीपक व अनुज के साथ ऋण वसूली के लिए शहर के मोहल्ला नया पाठकपुरा निवासी संतोष तिवारी के घर गए थे। संतोष पर बैंक की 2109463 रुपये की बकाएदारी है। जब बैंक मैनेजर ने संतोष तिवारी से कहा कि वह ऋण जमा करके नो ड्यूज ले ले। इस पर वह आक्रोशित हो गया और अपने साथी मणि तिवारी, संतोष व अन्य लोगों के साथ मिलकर बैंक मैनेजर के साथ मारपीट कर दी। मौजूद सहयोगियों ने किसी तरह मैनेजर को वहां छुड़वाया और वह कोतवाली पहुंचे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर ली है। कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार राय ने बताया कि मैनेजर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।