उरई। सेवानिवृत्त लेखपाल ने किशोरों के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें किसी साइट पर अपलोड कर रुपये तो नहीं कमाएं, इसके अलावा किन-किन लोगों से रामबिहारी का रुपयों का लेनदेन होता था, इन सबकी जानकारी के लिए पुलिस जल्द ही उसके सभी बैंक एकाउंट भी खंगालेगी। इसके अलावा उसके रिवाल्वर के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की भी संस्तुति की जाएगी। सीओ कोंच राहुल पांडे ने बताया कि दो एक दिन में ये दोनों कार्रवाई शुरू करा दी जाएंगी।
बता दें कि भले ही पुलिस के सामने अभी तक रामबिहारी के किशोरों संग बनाए गए अश्लील वीडियो किसी साइट पर अपलोड किए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी है लेकिन जैसे जैसे मामला तूल पकड़ता जा रहा है, पुलिस भी मामले में सतर्कता बढ़ाती जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने अब रामबिहारी के बैंक एकाउंट को खंगालने का फैसला किया है। पुलिस देखेगी कि राम बिहारी के पास उसकी पेंशन के अलावा कहां से पैसा आता था या फिर वह अपने किसी मददगार के खाते में तो पैसा नहीं भेजता था। सीओ का कहना है कि अभी सिर्फ उसके पास शस्त्र लाइसेंस होने की जानकारी मिली पर रिवाल्वर नहीं मिली है। फिर भी लाइसेंस निरस्त कराने का प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।