उरई (जालौन)। बबीना जिला पंचायत सीट के उप चुनाव में गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 10 ने प्रस्तावकों व समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। भाजपा से अधिकृत प्रत्याशी व सपा समर्थित प्रत्याशी जुलूस के साथ नामांकन करने पहुंची। एक ही परिवार के चार सदस्यों के एक साथ नामांकन करने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह के समक्ष गुरुवार को सबसे पहले तिरही गांव निवासी नीलम ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इसके बाद नीलम के पति निर्दोष यादव, सास महादेवी और जेठानी वर्षा देवी ने नामांकन दाखिल किया। एक ही परिवार के चार सदस्यों के नामांकन दाखिल करने से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। इसके पीछे नामांकन निरस्त होने की स्थिति में विकल्प माना जा रहा है। इसके बाद तिरही गांव निवासी परमानंद की पत्नी विनीता ने नामांकन किया।
जयपुरा निवासी अजीत कुमार सादगी के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। तिरही के राधेश्याम ने भी एक सेट में नामांकन दाखिल किया। सपा समर्थित आशना खातून अपने भाई अजहर बेग के साथ पहला सेट जमा करने के लिए सादगी के साथ पहुंची। इसके बाद दूसरा सेट जमा करने के लिए जुलूस के साथ पहुंची। इस दौरान पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, जिलाध्यक्ष चौधरी धीरेंद्र यादव, जिला पंचायत संचालन समिति के सदस्य दीपराज गुर्जर, ठेकेदार अनीश खान समेत बड़ी संख्या में सपा नेता मौजूद रहे। भाजपा से अधिकृत प्रत्याशी प्रेरणा सिंह जुलूस के साथ नामांकन करने पहुंची। प्रेरणा की सास कमलेश ने भी डमी प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, पूर्व विधायक संताराम सिंह सेंगर, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह जादौन, बजभूषण सिंह, संजीव उपाध्याय, सुनीलकांत शर्मा, अनिल बहुगुणा, अक्षय त्रिपाठी, सोनू मिश्रा, लक्ष्मणदास बाबानी आदि मौजूद रहे।