फोटो - 06 मृतक सत्यम की फाइल फोटो।
उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के जेल रोड पर बाइकों की भिड़ंत में बीए के छात्र की मौत हो गई। वह सामान लेकर घर लौट रहा था। घटना के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से भाग गया। मृतक हेलमेट नहीं लगाए था। पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सिरसा कलार थााना क्षेत्र के रिनिया वैदेपुर गांव निवासी सत्यम सिंह (18) अपनी बड़ी बहन शिवानी के साथ उरई के मोहल्ला पटेल नगर में रहकर बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। उसकी बहन शिवानी बीएससी की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। सत्यम के पिता प्रेम सिंह गोवा में मजदूरी करते हैं।
परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम को सत्यम बाइक से कोंच बस स्टैंड स्थित दुकान से सामान लेने गया था। सामान लेकर वह बाइक से अपने कमरे की ओर लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक ठड़ेश्वरी मंदिर के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में सत्यम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाइक चालक मौके से भाग गया।
घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल के मोबाइल फोन के माध्यम से उसके परिजनों और बहन को घटना की जानकारी दी। उसे मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। यहां उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से मां आराधना का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेसुध हो रही हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।