उरई। अटराकलां और बाबई गांव के पास रविवार को ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे पीछे बैठा किशोर दबकर नीचे घायल हो गया। परिजन उसे निकालकर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का जल प्रवाह कर दिया।
चुर्खी थाना क्षेत्र के दमरास गांव निवासी बड़े भदौरिया का पुत्र विश्वजीत सिंह (16) रविवार की सुबह पांच बजे गांव के ही ऑटो चालक नितेश सिंह के साथ सब्जी लेने जालौन जा रहा था। अटराकलां और बाबई गांव के पास सड़क पर मोड आ जाने से चालक संतुलन खो बैठा और ऑटो पलट गया। इससे पीछे बैठा विश्वजीत दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक बाल-बाल बच गया। सुबह होने की वजह से राहगीर भी नहीं मिले, इससे वह काफी देर तक दबा ही रहा। चालक की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे निकालकर मेडिकल कॉलेज ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि वह चाचा बंटी के साथ सड़क किनारे सब्जी की दुकान लगाता था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से मां सपना देवी सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी शिव शंकर सिंह का कहना है कि उन्हें इस बारे में किसी प्रकार की कोई सूचना नहीं मिली है।