उरई। जिले में आर्म्स एक्ट का उल्लंघन करने वाले तीन लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। वहीं, एक शराब तस्कर की बाइक के भी जब्तीकरण की कार्रवाई की गई है।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के कुसमिलिया गांव निवासी वासुदेव पांचाल ने अपनी लाइसेंसी राइफल के साथ ससुराल पहुंचकर ससुरालीजन व पत्नी से वाद विवाद के दौरान शस्त्र का प्रदर्शन कर ससुरालियों को धमकाया था। पुलिस ने वासुदेव के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसके शस्त्र निरस्तीकरण के लिए जिला मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट भेजी थी। जिला मजिस्ट्रेट ने उसकी राइफल के लाइसेंस को निरस्त कर कर दिया है।
इसी तरह गोहन थाना क्षेत्र के दादनपुर गांव निवासी अजीत सिंह अपराधों में अपने शस्त्र रिवाल्वर का प्रयोग कर रहा था। जन सुरक्षा लोक शांति को देखते हुए उसका लाइसेंस निरस्त कर दिया है। वहीं, डकोर कोतवाली क्षेत्र के बंधौली गांव निवासी हुकुम सिंह 12 अगस्त को 2024 को शराब के नशे में उपद्रव कर रहा था। उसने अपनी लाइसेंसी राइफल से एक राउंड हवाई फायरिंग कर एक युवक के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने कार्रवाई कर शस्त्र निरस्त करने के लिए जिला मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट भेजी थी। जिस पर जिला मजिस्ट्रेट ने उसका लाइसेंस निरस्त कर दिया है। कैलिया पुलिस ने 25 अगस्त को किशनपुरा निवासी शराब तस्कर जुझार सिंह को आबकारी अधिनियम के तहत पकड़ा था। उसके पास से मिली बाइक को सीज कर दिया था। जिला मजिस्ट्रेट ने बाइक को जब्त किए जाने के आदेश दिए हैं।