कदौरा में क्वारटीन सेंटर का निरीक्षण करते नोडल अधिकारी
- फोटो : ORAI
कदौरा। नोडल अधिकारी ने शनिवार को क्षेत्र के कदौरा व आटा में बने क्वारंटीन सेंटरों में व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधीनस्थों को निर्देश दिए। उन्होंने क्वारंटीन लोगों से मास्क लगाने एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए कहा।
कदौरा प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार को नोडल अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने कान्हा गोशाला के समीप स्थित क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्वारंटीन सेंटर में ठहरे अन्य प्रांतों से लौट कर आए मजदूरों से बात की। साथ ही उन्हें मास्क लगाने एवं सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए कहा। उन्होंने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि नियमित सेंटरों का निरीक्षण करें, ताकि किसी को परेशानी न हो।
जानकारी लेने पर नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सेंटर में 53 लोग 12 कक्ष में ठहरे है जिनकी देखरेख व खानपान के लिए एक दर्जन कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है, प्रतिदिन सभी को मास्क दिए जाते हैं व कक्ष को सैनिटाइज किया जाता है। इस दौरान एसडीएम कौशल कुमार, नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह, राधा बल्लभ चतुर्वेदी सहित पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे। वहीं आटा प्रतिनिधि के अनुसार शासन से नामित नोडल अफसर धर्मेंद्र सिंह ने शनिवार दोपहर मिर्जा कांप्लेक्स में प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेते हुए सेंटर में मौजूद लोगों से बातचीत कर जानकारी ली। इस दौरान उपजिलाधिकारी कालपी कौशल किशोर, प्रधान सत्य नारायण वर्मा आदि मौजूद रहे।