शहर को साफ सुथरा रखने के लिए पालिका ने स्वच्छ एप लांच किया है। केंद्र की ओर से स्वच्छ भारत मिशन योजना के अंतर्गत आनलाइन किए गए एप के जरिए गंदगी से निपटने का प्रयास किया जाएगा। शहरी क्षेत्र के गली कूचों में हफ्तों पड़ने रहने वाले कूडे़ कचरे को वार्डों में तैनात सफाई कर्मी कहने के बाद भी नहीं उठाते हैं तो उसकी भी शिकायत एप पर भेज सकते
हैं। शिकायत के साथ मौके की फोटो भी भेजनी होगी। शिकायत मिलते ही मौके पर कर्मचारियों की टीम को भेजकर समस्या समाधान किया जाएगा। पालिका अफसरों ने स्वच्छ एप पर काम करना भी शुरू कर दिया है। बता दें कि शहर में गंदगी की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। चौराहों पर डस्टबिन रखने के बाद भी सड़कों पर कूड़ा पड़ा रहता है। शहर
के वार्ड भी इससे अछूते नहीं हैं। वहां भी नियमित रूप से सफाई कर्मियों के न जाने से कूडे़ का ढेर लगा रहता है। मलिन बस्तियों की हालत तो और भी खराब है। जलनिकासी के इंतजाम न होने से नालियां उफनाने लगती हैं और गंदगी सड़कोें पर आ जाती है। इससे आनेजाने में इलाकाई लोगों को परेशानी होती है। खासकर सुबह, शाम पूजा के लिए मंदिर आने, जाने
वाले लोगों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। लगातार मिल रहीं इन समस्याओं को दूर कर शहरियों को राहत दिलाने के लिए केेंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छ भारत अभियान योजना के अंतर्गत स्वच्छ एप लांच किया गया है।
एप से जगी उम्मीद
बता दें कि गंदगी से छुटकारा दिलाने के लिए लांच किया गया स्वच्छ एप कितना कारगर साबित होगा, यह आने वाला समय बताएगा। हालांकि केंद्र सरकार की मंशा पर लांच किए गए स्वच्छ एप से शहरियों को काफी उम्मीदें हैं। अधिकारी भी इस एप को लेकर कितने गंभीर हैं, यह आने वाले समय में पता चलेगा।
ऐसे कर सकते हैं शिकायतें
गंदगी की शिकायतें जानने के लिए केंद्र सरकार की पहल पर पालिका की ओर से वेबसाइट (स्वच्छ भारत मिशन) बनाई गई है, जिस पर लोग शिकायतें दर्ज कराकर समस्या का समाधान करा सकते हैं। अधिकारी आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेकर काम करेंगे।
मैसेज आते ही शुरू होगा काम
पालिका की ओर से लांच किए गए आनलाइन स्वच्छ एप से सफाई निरीक्षक के नंबर को भी जोड़ा गया है। गंदगी स्थल की फोटो के साथ आने वाली शिकायतें (मैसेज) पर तत्काल एक्शन लिया जाएगा और मौके पर कर्मचारियों को भेजकर काम कराया जाएगा।
बोले जिम्मेदार
शहर को साफ स्वच्छ बनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत स्वच्छ एप भी लांच किया गया है। शहरी क्षेत्र के लोग जारी वेबसाइट पर शिकायतें दर्ज कराकर समस्या का समाधान करा सकते हैं। -रविंद्र कुमार ,अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका, उरई