उरई। नदीगांव ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय परावर में बच्चों से झाड़ू लगवाने तथा शिक्षकों के समय से न आने का वीडियो एवं फोटो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद बीएसए ने मामला गंभीरता से लिया है। उन्होंने प्रधानाध्यापक की वार्षिक वेतनवृद्धि रोकी है। साथ ही दोनों शिक्षामित्रों का मानदेय अगि्रम आदेशों तक रोका है।
बता दें कि दीगांव ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय परावर में बच्चों से झाड़ू लगवाने तथा शिक्षकों के समय से न आने का वीडियो एवं फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा था। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडीओ को बीएसए चंद्रप्रकाश ने संज्ञान लेकर जांच कराई तो पता चला कि स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत शिक्षक, स्टॉफ, प्रबंध समिति के सदस्यों सहित विद्यालय के सभी बच्चों द्वारा श्रमदान किया था। साथ ही शिक्षकों की समय से उपस्थिति के संबंध में गोपनीय जांच कराने से स्पष्ट हुआ कि सहायक अध्यापक अभिषेक कुमार निरंजन तो नियमित रूप से समय पर विद्यालय में उपस्थित होते है, लेकिन प्रधानाध्यापक इंद्रपाल सिंह एवं शिक्षामित्र परमार सिंह व रचना सिंह समय से उपस्थित नहीं होते है।
लिहाजा जांच के क्रम में प्रधानाध्यापक इंद्रपाल सिंह की एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोकी जाती है। दोनों शिक्षामित्रों का अग्रिम आदेशों तक मानदेय अवरुद्ध किया जाता है। उन्होंने सभी स्टाफ को स्टॉफ की नियमित समय से विद्यालय में उपस्थित होंने, बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के लिए निर्देशित किया। चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर और कठोर कार्रवाई की जाएगी।