आटा (जालौन)। मां ने मोबाइल देखने से मना किया तो 10वीं के छात्र ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव जानवरों के बाड़े में लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
भदरेखी गांव निवासी कमलेश प्रजापति का पुत्र आशीष (16) बेनी माधव इंटर कॉलेज में दसवीं का छात्र था। सोमवार को वह मोबाइल चला रहा था इस पर मां ने उसे डांट दिया। इससे नाराज होकर देर शाम आशीष घर से निकल गया।
रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। गांव में पता न चलने पर जानवरों वाले बाड़े में जाकर देखा। वहां आशीष का शव रस्सी से बने फंदे पर लटका मिला। खबर लगने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
सूचना पर आटा थाने की पुलिस पहुंची और छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बांदा के कबरई में एक होटल में कर्मचारी कमलेश ने बताया कि बेटा पढ़ने में होशियार था। वह आर्मी में जाना चाहता था। शुक्रवार को बीएमटी इंटर कॉलेज में प्री बोर्ड परीक्षा दी थी।