माधौगढ़। भैरव मंदिर के सामने तेज रफ्तार कार सड़क के किनारे खड़े मजदूर को टक्कर मारते हुए ट्रैक्टर- ट्राॅली से टकरा गई। मौके पर पहुंचे दुकानदारों ने मजदूर को सीएचसी में भर्ती कराया, यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के सोप्ता गांव निवासी मजदूर चंद्र प्रकाश (55) माधौगढ़ में मजदूरी करता है। बुधवार शाम भैरव मंदिर के सामने खड़े होकर घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान दूसरी ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार ने मजदूर को टक्कर मार दी। मजदूर रोड के दूसरी ओर जा गिरा। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार सड़क के किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गई। शोरगुल सुन मौके पर पहुंचे दुकानदारों ने घायल मजदूर को सीएचसी में भर्ती कराया, पैर में फ्रैक्चर के चलते डाक्टर ने ग्वालियर रेफर कर दिया। कोतवाल बिकेश बाबू का कहना है कि घायल युवक की तहरीर पर मामला दर्ज करा दिया गया है। कार व चालक को हिरासत में ले लिया गया है।