मुहम्मदाबाद। दिल्ली में रहकर मजदूरी कर रही महिला की डेढ़ साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला उसे लेकर गांव आई तो कोहराम मच गया। महिला का आरोप है कि उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसकी हत्या की है। जबकि परिजन महिला व उसके रिश्तेदारों पर आरोप लगा रहे हैं।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के करुई गांव निवासी सतीश दिल्ली में पत्नी पूजा के साथ रहकर मजदूरी करता था। लेकिन छह माह पहले पत्नी से विवाद होने पर वह गांव आ गया था। लेकिन पत्नी 15 अगस्त को डेढ़ वर्षीय बेटी स्वेता को लेकर दोबारा दिल्ली चली गई। तीन फरवरी को पत्नी पूजा का फोन आया कि स्वेता की मौत हो गई है। इस पर परिजनों ने घर आने की बात कही तो पूजा मृत बच्ची को लेकर गांव आ गई।
मासूम के शव में चोटों के निशान थे। अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी हत्या की गई है। जब पूजा से परिजनों ने पूछा तो उसने बताया कि पड़ोस में रहने वाले युवक रिंकू ने उसकी बेटी की हत्या की है। परिजनों का आरोप है कि पूजा व रिंकू में संबंध हैं। दोनों ने मिलकर मासूम की जान ली है। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी शशिकांत सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है।