कालपी। रविवार शाम सड़क पार करते समय हुए हादसे में एक वृद्ध महिला और एक मासूम बच्चा घायल हो गए। जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय रामवती पत्नी रामबाबू निवासी राजघाट सड़क पार कर रही थीं, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तुरंत सीएचसी कालपी ले गए।
इसी दौरान महमूदपुरा निवासी 6 वर्षीय दिव्यांश पुत्र रामेंद्र सिंह भी गिरकर घायल हो गया। जिसे परिजन इलाज के लिए सीएचसी लाए। अस्पताल में मौजूद चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक चक्र ने दोनों घायलों की अलग-अलग समय पर जांच की। जांच में वृद्ध महिला की हालत गंभीर पाई गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया गया, जबकि मासूम बच्चे का उपचार स्वास्थ्य टीम की निगरानी में जारी है। (संवाद)
घर में घुसकर चोरी का आरोप, शिकायत पर पीड़ित को ही धमकाने का आरोप
उरई। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम भटपुरा में चोरी की घटना के साथ पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठे हैं। पीड़िता सुमन पत्नी सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि पड़ोसी ने रात के समय छत के रास्ते घर में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी कर ली।
शिकायत के अनुसार बीती 31 तारीख की रात करीब ढाई बजे आरोपी ने अलमारी व बक्से के ताले तोड़कर करीब 10 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, सोने का हार, मंगलसूत्र और चांदी के जेवर चोरी कर लिए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार ने खोजबीन की, जिसमें पीड़िता का मोबाइल आरोपी के घर के पास मिला। इसकी सूचना तत्काल यूपी-112 को दी गई।
पीड़िता का आरोप है कि थाने में शिकायत करने पर पुलिस ने कार्रवाई के बजाय उनके पति के साथ अभद्र व्यवहार किया और समझौते के लिए दबाव बनाया। साथ ही आरोप है कि दरोगा ने पैसों की मांग की और मना करने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। (संवाद)