कोंच। नदीगांव सीएचसी से जिला अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस बाइक से टकराकर खड्ड में चली गई। जिससे एंबुलेंस सवार एक महिला और बाइक सवार घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार सुबह ग्राम बड़ी खजुरी निवासी श्रीकांत अपनी गर्भवती पत्नी यशोदा (25) को मां रामबेटी के साथ सीएचसी नदीगांव दिखाने गया था। सीएचसी से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसने 108 एंबुलेंस कॉल कर बुलाई और जब एंबुलेंस कोंच विकास खंड कार्यालय के पास पहुंची तो बाइक से टकरा गई। जिससे अनियंत्रित एंबुलेंस सड़क किनारे खड्ड में जा घुसी। जिससे एंबुलेंस में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने दौड़ कर एंबुलेंस से महिलाओं को बाहर निकाला।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एंबुलेंस में बैठी महिला की सास रामबेटी पत्नी रामनाथ घायल हो गई और एंबुलेंस की चपेट में बाइक चालक योगेश पुत्र ओमप्रकाश निवासी नया पटेल नगर बुरी तरह घायल हो गया। घायलों को पीआरबी और एंबुलेंस ने दोनों को घायल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल यशोदा सुरक्षित है।
दूसरी एंबुलेंस से घायलों को ले जाते कर्मचारी- फोटो : ORAI