उरई। शहर के अस्पताल गेट पर अवैध रूप से खड़े होने वाले एंबुलेंस चालकों में शनिवार रात मारपीट हो गई जिसमें कई लोग घायल हुए। बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनो गुटों के लोगों को पकड़कर कोतवाली लाई, जहां दोनों पक्षों में समझौता चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने अभी कोई कार्रवाई नहीं की है । झगड़े की वजह के पीछे वर्चस्व बताया जा रहा है।
शहर की मेन रोड स्थित अस्पताल गेट को एंबुलेंस चालकों ने अपना अड्डा बना रखा है। यहां पर वह हर वक्त जुआ खेलते हैं और नशेबाजी करते हैं। जिस वजह से एंबुलेंस चालकों के दो गुट बन गए हैं और शनिवार रात नशेबाजी के चक्कर में ही दोनों गुटों के लोग आमने सामने आ गए और मारपीट हो गई। अस्पताल गेट पर हुए बवाल से हड़कंप मच गया और बवाल की खबर पाकर कोतवाली पुलिस आई और दोनों तरफ के लोगों को पकड़कर कोतवाली ले गई।
मामले की खबर जब एंबुलेंस चालकों के गुटों के लोगों को हुई तो कोतवाली पहुंच गए और अपने-अपने पक्ष की पैरवी करने में जुट गए। दोनों गुटों के लोग अब समझौते के प्रयास में हैं। शहर कोतवाल शिव गोपाल सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों में से अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है और जो लोग पकड़े गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है, फिलहाल पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है।