शनिवार को वाहनों के बेतरतीब आवागमन से अंबेडकर चौराहे पर लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
शहर में जाम की समस्या से शहर केे बाशिंदों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। वाहनों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि और शहर की संकरी सड़कें भी इसकी एक बड़ी वजह हैं। शनिवार को व्यस्ततम अंबेडकर चौराहे पर बडे़ वाहनों के बेतरतीब आवागमन से जाम लग गया। इससे राहगीरों को मुसीबत उठानी पड़ी। यहां लगभग एक घंटे बाद यातायात सामान्य
हो पाया। यहां जाम की वजह इस रूट पर 15 दिनों से बन रही एक पुलिया भी है। कालपी बस स्टैंड के पास से जिला परिषद की ओर जाने वाले मार्ग पर पिछले 15 दिन से पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते इस मार्ग को पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया गया है। शहर में आने व जाने वाले वाहनों को अंबेडकर चौराहा मार्ग से जिला परिषद की ओर आने व
जाने दिया जा रहा है। अंबेडकर चौराहे से सड़क भी बहुत संकरी है। यहां से रोडवेज व प्राइवेट बसों, ट्रक आदि को मोड़कर जिला परिषद की ओर जाने में दिक्कत होती है। यही वजह है कि चौराहे पर भारी वाहन पहुंचते ही जाम लगने लगता है। शनिवार की सुबह चौराहे पर दोनों ओर से वाहन फंस जाने से लंबा जाम लग गया और वाहनों की कतार लग गई। यहां जाम लगने
से लोग तेज धूप में लगभग एक घंटे तक फंसे रहे। शहर के लोगों का कहना है कि पुलिया का कार्य भी धीमी गति से चल रहा है। इससे अभी कुछ दिन और जाम से परेशानी उठानी पडे़गी।
वहीं, सड़कों पर अतिक्रमण किए लोग भी इस समस्या को और बढ़ा रहे हैं। यातायात पुलिस भी सक्रिय नहीं दिखाई पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने यहां पर ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था कराकर यातायात सुगम कराने की मांग की है।