उरई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड की ओर से 15 व 16 अक्तूबर को जिला मुख्यालय उरई के 17 केंद्रों पर होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पेट) की तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा में इस बार सख्त पहरा रहेगा। पुलिस और स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) को 14 अक्तूबर से अलर्ट होकर परीक्षा पर निगाह रखने के निर्देश मिले हैं।
इस बार परीक्षा 15 व 16 अक्तूबर को दो पालियों में होगी। प्रत्येक पाली में आठ हजार 304 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों से कहा गया है कि वह समय का ध्यान रखें और निर्धारित समय से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र में दाखिल हो जाएं। 17 परीक्षा केंद्रों को दो जोन और छह सेक्टरों में बांटा गया है। नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी एडीएम वित्त पूनम निगम को बनाया गया है। इसके अलावा एडीएम नमागि गंगे विशाल यादव एवं एडीएम न्यायिक मोतीलाल यादव को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। छह एसडीएम को सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, परीक्षा में सेंध को रोकने के लिए अलग अलग स्तर पर बाहर की एजेंसियों को जिम्मेदारी दी गई है। जिन्हें ए, बी व सी नाम दिया गया है। ए एजेंसी काम प्रश्नपत्र का निर्माण है तो बी एजेंसी का काम परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचाने की रहेगी।
-----------
171 केंद्र, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट
21 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए। वैसे तो 17 परीक्षा केंद्र हैं, लेकिन जिन जगहों पर पांच सौ से अधिक परीक्षार्थी हैं वहां अतिरिक्त मजिस्ट्रेट बनाए हैं। चार ऐसे केंद्र है, जहां पांच सौ से अधिक परीक्षार्थी हैं। वहां के लिए चार अतिरिक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। 17 केंद्र व्यवस्थापक बनाए गए हैं और चार केंद्र व्यवस्थापकों को रिजर्व में रखा गया है।
----------------
स्टेशन और बस अड्डे पर बनेगी हेल्पडेस्क
इस बार अधिकांश परीक्षार्थी बाहर से आने हैं। इसके लिए रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। पुलिस और परिवहन विभाग के से कहा गया कि रिक्शा चालकों को भी अलर्ट कर दें कि वह परीक्षार्थियों को परेशान न करें।
कोट:::
कुछ केंद्रों पर अतिरिक्त स्टाफ मांगा गया है। 254 बाहरी स्टाफ लगाया गया है। केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से कराने के निर्देश दिए हैं।
- राजकुमार पंडित, डीआईओएस जालौन