उन्नाव। मगरवारा स्थित फैक्टरी में पांच महीने पहले गंभीर रूप से घायल हुए श्रमिक के परिजनों ने फैक्टरी प्रबंधन पर इलाज न कराने का आरोप लगाया। नाराज घरवाले घायल को एंबुलेंस से लेकर डीएम आवास पहुंचे। एसडीएम ने घायल को भर्ती कराने और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सदर कोतवाली के ऐरा भदियार निवासी अंकित सिंह (35) मगरवारा स्थित मुर्गियों को खिलाया जाने वाला दाना बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था। पीड़ित ने बताया कि जनवरी महीने में वह सीढ़ी से गिर गया और रीढ़ में चोट लग गई थी। फैक्टरी प्रबंधन ने इलाज का आश्वासन दिया था, उसका कानपुर हैलट में इलाज चल रहा था।
आयुष्मान कार्ड से इलाज हुआ। पांच लाख तक इलाज की सीमा खत्म होने पर 2.50 लाख और खर्च किए, लेकिन प्रबंधन ने कोई मदद नहीं की।
मंगलवार शाम करीब छह बजे परिजन घायल अंकित को एंबुलेंस में लेकर डीएम के आवास पहुंचे। एसडीएम प्रज्ञा पांडेय ने उनकी बात सुनी और चौकी इंचार्ज को प्रबंधन से वार्ता कर घायल का समुचित इलाज कराने को कहा। एसडीएम ने बताया कि अगर इलाज नहीं कराते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।