कालपी। चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम बाबई में मायके में रह रही विवाहिता ने पति और उसके दो रिश्तेदारों पर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम बाबई निवासी रूबी पुत्री नियमतउल्ला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा निवासी जाकिर पुत्र साकिर के साथ हुई थी। उसके पांच वर्षीय बेटे हमजा और तीन वर्षीय बेटी एनाया हैं।
रूबी के अनुसार, चार अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे उसका पति जाकिर, ममिया ससुर नवी मोहम्मद उर्फ बापू और मकबूल निवासी शाहगंज, जालौन उसके मायके पहुंचे। तीनों ने उस पर तत्काल ससुराल चलने का दबाव बनाया। मना करने पर गालीगलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि जाते समय पांच वर्षीय बेटे को साथ न भेजने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति जाकिर, नवी मोहम्मद और मकबूल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मोहम्मद अनीश अहमद को सौंपी गई है। (संवाद)