बाढ़ प्रभावित क्षेत्र पाली में बाढ़ पीड़ित की समस्याएं सुनते खंड विकास अधिकारी
- फोटो : ORAI
कदौरा। कदौरा ब्लाक क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांव पाली के मजरा झगराई, पिपरिया का डेरा, गुलौली, रायड़ दिवारा आदि गांवों में प्रशासन की अनदेखी से लोगों मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा था। जिससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा था। रविवार को गांव के लोगों ने सड़क पर आकर हंगामा किया था। गांव में हो रही परेशानी व लोगों के आक्रोश की खबर को अमर उजाला ने सोमवार के अंक में खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
मामले को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने बीडीओ अतिरंजन सिंह को गांव का निरीक्षण कर राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए थे, निर्देश मिलते ही सोमवार को झगराई व पिपरिया के डेरा पहुंचे बीडीओ ने परिषदीय विद्यालयों में रुके बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान शिमला देवी, नन्ही देवी, प्यारे लाल, रामसखी, जमुनी देवी व रमाकांत ने बताया कि हम लोगों के मकान गिर गए है हम लोग परिवार सहित विद्यालय में रुके है।
विद्यालय की छत से पानी टपक रहा है विद्यालय के आसपास भीषण गंदगी है और गंदा पानी पीने पर मजबूर है। जिस पर बीडीओ ने ड्यूटी पर लगाए गए सफाई कर्मियों को फटकार लगाते हुए मौके पर खड़े होकर विद्यालय के आसपास साफ-सफाई करवाई। साथ ही तिरपाल देकर जल्द छत सही करवाने का आश्वासन दिया। उसके बाद बीडीओ ने गुलौली व रायड़ दिवारा में पहुंच कर पीड़ितों से बात की। इस मौके पर मनोज गुप्ता, राजेश सिंह, श्रीराम सहित अन्य ब्लाक कर्मी मौजूद रहे ।