= गोहन थाना क्षेत्र के कस्बा का था निवासी, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
माधौगढ़। गोहन कस्बे में शुक्रवार रात शराब के नशे में युवक ने घर के कमरे में पंखे के हुक से साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। पत्नी ने पति को फंदे पर लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। युवक को फंदे से उतारकर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
गोहन कस्बा निवासी अभिलाख दोहरे (30) शराब का लती थ। शराब पीने को लेकर आए दिन पत्नी से विवाद होता रहता था। आए दिन झगड़े को लेकर अभिलाख के माता माया, पिता सुरेंद्र दोहरे अलग रहते थे। शुक्रवार रात अभिलाख शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी रानी से विवाद करने लगा। पत्नी जब खाना बना रही थी तभी अभिलाख ने कमरे में लगे पंखे के हुक से साड़ी बांधकर फंदा लगा लिया। रानी ने पति को फंदे से लटके देख शोर मचा दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने आनन-फानन उसे फंदे से उतारकर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। गोहन थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि युवक शराब का आदी था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।