मुहम्मदाबाद। जैसारी कलां गांव में गुरुवार शाम पिता और पुत्र में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। नाराज पुत्र ने घर के पीछे रखे लकड़ी व कंडों में आग लगा दी। इससे गृहस्थी का लगभग एक लाख का सामान जल गया। पिता ने बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के जैसारी कलां गांव निवासी मौलवी खान का बेटे बटेर खान से गुरुवार की शाम को विवाद हो गया। इस पर शराब के नशे में धुत बेटे ने घर के पीछे रखे लकड़ी व कंडों में आग लगा दी। इसके बाद वह चिल्लाने लगा कि घर को जलाकर राख कर दूंगा। आग से घर में रखे छोटे सिलिंडर में भी आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एक घंटे बाद ग्रामीणों की मदद से आग बुझवाई। इसमें गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। थानाध्यक्ष शशिकांत चौहान का कहना है कि पिता की तहरीर पर बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर तलाश की जा रही है।