निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट से जानकारी लेती डीएम चांदनी सिंह।
- फोटो : ORAI
उरई।डीएम चांदनी सिंह ने अमृत योजना के तहत बनाए जा रहे पार्कों का निरीक्षण बुधवार को किया। उन्होंने नया पटेलनगर स्थित ठड़ेश्वरी मंदिर पार्क एवं कोंच बस स्टैंड स्थित अमित पार्क का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने जनपद जिले को स्वच्छ रखने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। पार्कों की स्थिति ठीक न मिलने पर कार्यदाई संस्था का भुगतान रोकने का निर्देश दिया।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान पार्कों की स्थिति सही न मिलने पर संबंधित अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था को फटकार लगाई। निर्देशित किया कि कार्यदायी संस्था से जल्द पार्कों को पूरा कराएं। साथ ही संबंधित कार्यदायी संस्था को कोई भी भुगतान बिना जानकारी के न करें। उन्होंने निर्देशित करते हुये कहा कि अमृत योजना के तहत बनाए जा रहे पार्कों का मानक के अनुसार कार्य कराया जाए। उन्होंने जनपद में स्वच्छता के प्रति अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान जेल रोड के किनारे कूड़ा डंप न करने के निर्देश दिए। कूड़ा प्रबंधन के लिए जनपद की बेहतर कार्ययोजना बनाकर कूड़ा डंपिंग ग्राउंड चिह्नित कर उस ग्राउंड पर ही कूड़ा डंप किया जाए। साफ सफाई के लिए प्राथमिकता पर कार्य करें। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता एवं लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इस दौरान एडीएम पूनम निगम, सिटी मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र मौर्य, सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।