उरई स्टेशन के वेटिंग रूम में एसी की फिटिंग करते कर्मचारी।
- फोटो : ORAI
उरई। झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण के दौरान इस ट्रैक के सभी स्टेशन पर आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराने की योजना है। इसी के चलते ए श्रेणी के उरई रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय को उच्चीकृत किया गया है। दो एसी लगाकर वातानुकूलित किया जा रहा है।
झांसी मंडल के कई स्टेशन को उच्चीकृत किया जा रहा है। झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक के उरई और भीमसेन स्टेशन के यात्री प्रतीक्षालय में एसी लगाने का काम शुरू हो गया है। मिर्जापुर की बीके कंस्ट्रक्शन कंपनी को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। सीनियर सेक्शन इंजीनियर इलेक्ट्रिकल पीडी निरंजन ने बताया कि उरई और भीमसेन स्टेशन के प्रतीक्षालय को वातानुकूलित किया जा रहा है। दोहरीकरण के दौरान इस ट्रैक के कई स्टेशन पर सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है। इन दोनों स्टेशन के प्रतीक्षालयों में मार्च-अप्रैल में एसी लगाने का काम पूरा होना था। कोरोना संक्रमण के चलते काम में देरी हुई। कर्मचारियों ने फिटिंग शुरू कर दी है। इस महीने के अंत तक काम पूरा हो जाएगा।
प्रतीक्षालय में कोच डिस्प्ले भी लगेगा
वातानुकूलित प्रतीक्षालय को आधुनिक बनाने की योजना है। पुरानी सीएफएल की जगह एलईडी लगाई जा रही हैं। कम वोल्टेज में ज्यादा हवा देने वाले पंखे लगाए जा रहे हैं। कोच डिस्प्ले भी लगाया जाएगा। इससे कि यात्रियों को अंदर बैठे ही ट्रेन के बारे में जानकारी मिलती रहे। एनाउंसमेंट सिस्टम लगा रहेगा।
एसी श्रेणी के टिकट धारक को मिलेगी अनुमति
अब इस प्रतीक्षालय में बिना एसी श्रेणी के टिकट वालों का प्रवेश प्रतिबंधित करने की योजना है। प्रतीक्षालय के प्रवेश द्वार कर्मचारी की तैनाती की जाएगी। वह अधिकृत टिकट धारक को ही प्रतीक्षालय में प्रवेश की अनुमति देगा। साथ ही समस्याओं का निराकरण भी करेगा।