कदौरा। मौरंग भरने जा रहे ट्रक चालक और खलासी की पिटाई कर बदमाशों ने 20 हजार रुपये लूट लिए। खलासी ने पुलिस को तहरीर दी है। उधर, पुलिस का कहना है कि मामला आपसी विवाद का है। फिर भी जांच की जा रही है।
कोतवाली कालपी के तिरहई निवासी ट्रक चालक चंदन सिंह और खलासी सौरभ निवासी कानपुर ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात वह बसरेही मौरंग खदान मौरंग भरने जा रहा था। खदान जाने वाले रास्ते पर उसके ट्रक में खराबी आ गई। इस पर सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर चेक करने लगा। इसी दौरान चार बदमाश असलाह लेकर आए और मारपीट करते हुए उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये लूट कर भाग गए।
उसने इसकी सूचना यूपी-112 पुलिस को दी तो सिपाहियों ने लुटेरों की तलाश की, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। सुबह उसने थाने पहुंचकर तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि लूट का मामला नहीं है। चालक और गांव के कुछ युवकों के बीच मारपीट हुई थी। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।