जाम लगाए लोगों को समझाते कोतवाल।
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। पति की मौत के बाद पत्नी ने उसके साथी पर ही हत्या का आरोप लगाकर परिजनों के साथ शनिवार को झांसी रोड पर शव रखकर जाम लगाया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। जान की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया। कोतवाल शिवगोपाल ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर आरोपी साथी को पकड़ लिया गया है, मामला हादसे का भी हो सकता है। लिहाजा जांच पड़ताल की जा रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र की शांतिनगर निवासी अर्चना ने शनिवार सुबह 10 बजे के पति तुलसीराम (40) का शव झांसी रोड पर एक गेस्ट हाउस के सामने रखकर परिजनों के साथ जाम लगा दिया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लगने की सूचना पर पुलिस पहुंची। अर्चना ने पुलिस को बताया कि पति फर्नीचर का काम करते थे। 28 जून को करसान रोड निवासी फर्नीचर का ही काम करने वाला पति का दोस्त राकेश उसे बाइक से ले गया था और फिर देर शाम घायल हालत में घर के बाहर छोड़कर भाग निकला। पति को इलाज के लिए पहले जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें झांसी रेफर कर दिया गया।
जहां शुक्रवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पत्नी का आरोप है कि राकेश ने ही पति को मारपीट कर घायल किया, जिससे उनकी मौत हुई है। सीओ सिटी संतोष कुमार ने परिजनों को आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा। तब करीब एक घंटे बाद परिजनों ने शव हटाकर जाम खोला। कुछ ही देर में पुलिस आरोपी राकेश को भी पकड़कर कोतवाली ले आई।
राकेश ने पुलिस को बताया कि हम दोनों मुहम्मदाबाद काम करने गए थे, वहीं मोड़ पर सड़क हादसे में तुलसी को गंभीर और उसे भी चोटें आईं थीं। वह स्वयं राकेश को अस्पताल छोड़ गया था। इसके बाद भी परिजन उसी पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। कोतवाल का कहना है कि कुछ बिंदुओं पर जांच की जा रही है, इसके बाद ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। वहीं जाम के कारण फंसी रोडवेज बसों में यात्रियों का गर्मी से बुरा हाल बना रहा।
मृतक के परिजन झांसी रोड पर जाम लगाए हुए।- फोटो : ORAI