उरई। युवक की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पत्नी ने चार लोगों पर शराब पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बघौरा निवासी वंदना पाल ने बुधवार को एसपी को शिकायती पत्र दिया।
इसमें बताया कि 13 फरवरी की शाम करीब आठ बजे उनके पति विजय पाल घर पर थे। इसी दौरान मोहल्ले का ही एक युवक तीन साथियों के साथ घर आया और गेस्ट हाउस में आयोजित त्रयोदशी भोज में चलने के लिए कहकर साथ ले गया। पत्नी का आरोप है कि देर रात तक जब विजय घर नहीं लौटे तो उन्होंने दोस्त के घर जाकर जानकारी की, लेकिन वहां से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। पूरी रात परिजन परेशान रहे। आरोप है कि अगले दिन सुबह दोस्त ने स्वयं सूचना दी कि विजय का शव स्वर्गधाम बघौरा बाईपास के अंदर पड़ा है।
वंदना का आरोप है कि गेस्ट हाउस ले जाने की बात कहकर उनके पति को शराब के ठेके पर ले जाया गया, जहां उन्हें अत्यधिक शराब पिलाई गई। इसके बाद नशे की हालत में दोस्त और उसके साथियों ने उनके पति की हत्या कर शव को स्वर्गधाम परिसर में फेंक दिया।
उन्होंने बताया कि मुहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों में घर से ले जाते समय की फुटेज मौजूद हैं। महिला की शिकायत पर एसपी ने जांच के बाद कार्रवाई की भरोसा दिया है।