उरई। थाना दिवस में डीएम ने बृजेंद्र सिंह की जमीन की पैमाइश की शिकायत पर लेखपाल प्रमोद दुबे से जब बस्ता और नक्शा दिखाने को कहा तो वह नहीं दिखा पाए। उन्होंने इस लापरवाही पर जमकर फटकार लगाई और पांच मिनट के अंदर बस्ता और नक्शा लाने की हिदायत ले डाली।
कालपी और आटा में डीएम राजेश कुमार पांडेय व एसपी ईरज राजा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कालपी में 15 तो आटा में आठ शिकायतें आईं। वहीं रामपुरा थाना में नायब तहसीलदार भुवेन्द्र कुमार ने आठ शिकायतें सुनीं। जिसमें तीन का तुरंत निस्तारण किया। माधौगढ़ में कोतवाल सुनील कुमार ने चार में एक समस्या का निस्तारण किया। कोंच में तहसीलदार वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता व कोतवाल लोकेंद्र सिंह ने नौ फरियादों में एक को न्याय दिया। नदीगांव में एसडीएम सुशील कुमार सिंह व सीओ उमेश कुमार पांडे ने नौ में एक का निस्तारण किया। कैलिया में थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने चार में किसी का समाधान नहीं कर पाया।
-
डीएम ने गाड़ी रोककर सुनीं दिव्यांग दंपत्ती की फरियाद
कालपी। कालपी में थाना दिवस से मुख्यालय के लिए लौट रहे डीएम राजेश कुमार पांडेय की गाड़ी के सामने इंदिरा नगर निवासी बुजुर्ग दंपत्ती शिव शंकर सिंह पत्नी उमा देवी आ गए। डीएम ने गाड़ी रोककर उनकी फरियादी सुनीं। बताया कि उनके घर में लगा मीटर ठीक है। लेकिन बिजली का बिल गलत भेजा जा रहा है। शिकायत पर कोई सुन नहीं रहा है। डीएम ने तुरंत अधीक्षण अभियंता को कॉल करके समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।