जालौन। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गेहूं से लदे ट्रक को ओवरटेक करते समय पीछे चल रहे वाहन ने कट मार दिया। बचने के चक्कर में गेहूं लदा ट्रक रेलिंग तोड़ते हुए खड्ड में गिर गया। हादसे में चालक और क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक गेहूं लादकर बांदा की ओर से औरैया की तरफ जा रहा था। जब ट्रक शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे छिरिया सलेमपुर के पास पहुंचा तो पीछे चल रहे वाहन ने उसे ओवरटेक करते हुए कट मार दिया। चालक राजेश कुमार (50) निवासी ग्राम कुड़िया जिला हरदोई ने ट्रक बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान वह स्टीयरिंग से संतुलन खो बैठे और बेकाबू ट्रक रेलिंग तोड़कर सड़क किनारे खड्ड में पलट गया।
हादसे में गेंहू से लदे बोरे बिखर गए और चालक राजेश कुमार व क्लीनर दीपू (31) निवासी ग्राम कुड़िया जिला हरदोई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मदनपाल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी भेजा गया। जहां से उन्हें उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया। (संवाद)