जालौन। बाइक से जा रहे दंपती अन्ना जानवर को बचाने में असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में दंपती घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय पत्नी की रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि घायल पति का इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुरा निवासी जमुनालाल पत्नी सुनीता (48) के साथ सामान की खरीदारी करने के लिए सुबह 11 बजे जालौन जा रहे थे। बंगरा रोड पर रूरा गांव से आगे निकलने पर बाइक के सामने अचानक अन्ना मवेशी आ गए। अन्ना मवेशियों को बचाने के चक्कर मेंबाइक असंतुलित हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी पत्नी सुनीता बाइक से नीचे गिर गई। जबकि पति भी बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हेलमेट लगाए होने के कारण पति के सिर पर चोट नहीं लगी। लेकिन सड़क पर गिरने से पत्नी के सिर में गंभीर चोट आई। मौके से निकल रहे राहगीर जब तक दोनों को सीएचसी पहुंचाते तब तक रास्ते में ही सुनीता की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। घायल पति का इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।