जालौन। मंगलवार की रात मैनपुरी से राठ जा रही राठ डिपो की बस भिटारा के पास एक्सीलेटर वायर टूटने के कारण पहले डिवाइडर व बाद में बिजली के पोल से टकरा कर पलट गई। बस पलटने से 31 सवारियों में सात लोगों को मामूली चोट आई हैं। गति कम होने की वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया। घायलों को रात में ही सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई।
कोतवाली क्षेत्र के राठ हमीरपुर क्षेत्र के ग्राम अगरपुरा निवासी बस चालक नरेंद्र सिंह राठ डिपो की बस चलाते हैं। मंगलवार की शाम व मैनपुरी से बस लेकर राठ के लिए निकले थे। जालौन के पास स्थित भिटारा गांव के पास बस का एक्सीलेटर वायर अचानक टूट गया। एक्सीलेटर वायर टूटने के कारण चालक का बस से नियंत्रण हट गया। जिसके चलते बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए बिजली के पोल से टकरा कर सड़क किनारे पलट गई। बस पलटने के कारण बिजली का तार टूट कर गिर गया। गनीमत रही कि बिजली का तार बस पर नहीं गिरा। बस पलटने से फूलचंद्र निवासी क्यूटी छतरपुर, पप्पू सिंह निवासी रमछाला छतरपुर, शक्ति निवासी गुददोरा छतरपुर, राजू निवासी गुदहरा छतरपुर, दीपू निवासी रिमोना छतरपुर, रज्जन निवासी रियांशा छतरपुर, वीरपाल निवासी इस्लामपुर हमीरपुर के मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही सीओ विजय आनंद और कोतवाल उदयभान गौतम मौके पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चालक नरेंद्र सिंह व परिचालक रामप्रताप सिंह निवासी चरखारी ने बताया कि अचानक एक्सीलेटर वायर टूटने के कारण वह बस पर कंट्रोल नहीं रख सका।