उरई। रिश्तेदारी से घर जा रहे बाइक सवार रेलवे कर्मचारी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। जबकि दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को पड़ा देख सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे झांसी रेफर कर दिया गया। परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के समय बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
झांसी थाना क्षेत्र के मोहल्ला प्रेमनगर निवासी रेलवे कर्मचारी बृजेश सिंह (29) मोहल्ला निवासी दोस्त मोनू (28) के साथ गुरुवार को बाइक से कालपी में रिश्तेदारी में आया था। घर जाते समय शहर कोतवाली क्षेत्र के अजनारी पुल के पास झांसी कानपुर हाईवे पर बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बृजेश की मौके पर ही मौत हो गई। साथी मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह दो भाई दो बहनों में तीसरे नंबर का था। झांसी रेलवे में गैंगमैन के पद पर तैनात था। मां विमला, पत्नी पूजा, तीन बेटियों सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।