जालौन। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे में काम कर रहे डंपर ने बाइक में पीछे से टक्कर मारी। हादसे में बाइक सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुईं। जिनमें एक महिला की उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई। जबकि दूसरी की हालत अस्पताल में गंभीर है।
माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम घुगरा निवासी संपूर्णानंद (44) पत्नी प्रेमा देवी (40) व महिला रिश्तेदार रीता देवी (60) निवासी मोहल्ला खंडेराव के साथ शनिवार की दोपहर माधौगढ़ से जालौन आ रहे थे। जैसे ही वह छिरिया सलेमपुर के पास निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास पहुंचे। तभी एक्सप्रेसवे पर मिट्टी डालने का कार्य कर रहे डंपर के चालक ने अनियंत्रित होकर बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों ही बाइक सवार बाइक समेत सड़क किनारे खाई में चले गए। हेलमेट पहने होने की वजह से संपूर्णानंद को अधिक चोट नहीं आईं। पर प्रेमा देवी व रीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पर रास्ते में ही प्रेमा देवी की मौत हो गई। जबकि रीता देवी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
-----------
रास्ते के विवाद में मारपीट
जालौन। क्षेत्र के ग्राम छिरिया सलेमपुर निवासी रविकांत ने पुलिस को बताया कि गांव के ही सोवेंद्र आम रास्ते पर ईंटा डलवा रहे थे, ताकि राहगीरों को निकलने में दिक्कत न हो। जब उन्होंने सोवेंद्र से ईंटा हटाने के लिए कहा तो वह गालीगलौज करने लगे। मना करने पर मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। उधर, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हथेरी निवासी चंद्रपाल शराब के नशे में गांव के लोगों के साथ गाली, गलौज व झगड़ा कर रहा था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई की। (संवाद)
------------------
पेड़ काटने को लेकर हाथापाई
जालौन। हरे पेड़ को काटने से मना करने पर दो लोगों के बीच विवाद हुआ। क्षेत्र के ग्राम पर्वतपुर निवासी रमेश मोहल्ले में लगे जामुन के पेड़ को काट रहे थे। गांव के यश ने जब कहा कि आज तो पर्यावरण दिवस है। जगह जगह लोग वृक्षारोपण कर रहे हैं। पर्यावरण दिवस के दिन ही वह हरे पेड़ को काटने में जुटे हैं। इसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा व गालीगलौज होने लगी। मामला बढ़ते हुए हाथापाई तक पहुंच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को पकड़कर कोतवाली ले आई। जहां उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। (संवाद)