उरई। त्योहारों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां कर ली है। जिला अस्पताल में इमरजेंसी में इमरजेंसी चिकित्साधिकारी (ईएमओ) के अलावा विशेषज्ञ चिकित्सक भी ऑन कॉल ड्यूटी पर रहेंगे। सीएमएस डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि रोस्टर बनाया जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात रहेंगे।अक्तूबर माह में दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहार आ रहे हैं। इन त्योहारों पर आतिशबाजी करते समय हादसों के मामले सामने आते रहते हैं। शासन स्तर से भी इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश जारी किए जाते हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आनंद उपाध्याय का कहना है कि दशहरा, दीपावली पर हड्डी, नेत्र, ईएनटी, फिजीशियन जैसे चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए रोस्टर बनाया जा रहा है। फार्मासिस्ट, नर्सिंग, चतुर्थ श्रेणी, आउट सोर्सिंग और सिक्योरिटी गार्ड की भी ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जा रही है। चिकित्सक व स्टाफ को अलर्ट होकर ड्यूटी करने को कहा गया है। बर्न वार्ड को भी दुरुस्त करने को कहा गया है। किसी भी तरह की लापरवाही या शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसके पाल का कहना है कि महिला अस्पताल में वैसे भी लेवर रूम 24 घंटे खुला रहता है। संबंधित स्टाफ की ड्यूटियां त्योहारों पर लगाई जाएगी। (संवाद)