कालपी। भैंस चराने गया युवक शनिवार सुबह लापता हो गया। यमुना पुल पर उसकी चप्पल मिलने से परिजनों ने नदी में कूदने की आशंका जताई है। पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी अमित यादव (20) शनिवार की सुबह भैंस चराने नदी किनारे गया था। इसी दौरान वह लापता हो गया। यमुना पुल पर उसकी चप्पल पड़ी होने से लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। इस पर उन्होंने युवक के नदी में कूदने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली प्रभारी परमहंस तिवारी ने बताया कि युवक को किसी ने कूदते हुए नहीं देखा है। पुल पर चप्पल मिलने से उसकी स्थानीय गोताखोरों से तलाश कराई जा रही है। एसडीआरएफ की टीम को भी सूचना दे दी है। पिता बलवीर का कहना है कि सुबह ऐसी कोई बात भी नहीं हुई कि वह ऐसा कदम उठाए।