कालपी। युवक ने खेत में लगे बबूल के पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में जुटी है। वह तीन दिन पहले ससुराल में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने आया था।
कदौरा थाना क्षेत्र के बडागांव निवासी धर्मेंद्र निषाद (26) की ससुराल कालपी कोतवाली क्षेत्र के रायढ दिवारा गांव में थी। वह मंगलवार को ससुराल में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने आया था। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर धर्मेंद्र अपने घर जाने की बात कहकर रायढ गांव से निकला और गांव के ही भैंसा नाला के समीप सोबरन के खेत में लगे बबूल के पेड से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब ग्रामीणों ने उसका शव पेड से लटकता हुआ देखा तो इसकी गांव में दी। सूचना पर सीओ एके सिंह कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। उसकी मौत से पत्नी रीता सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। परिजन वजह नहीं बता पा रहे हैं। सीओ का कहना है कि आत्महत्या की वजह पता नहीं चल सकी है। जांच की जा रही है।