उरई। दोस्तों के साथ नदी में पिकनिक मनाने गए युवक का सेल्फी लेते समय चश्मा गिर गया। जिसे उठाने के चक्कर में वह नदी में गिर गया और उसकी डूबकर मौत हो गई। वह दोस्तों से जान बचाने के लिए चिल्लाता रहा पर लेकिन तैरना न आने के चलते कोई कुछ नहीं कर पाया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बल्लभ नगर बजरिया निवासी निवासी प्रमोद गुप्ता का बड़ा पुत्र प्रबल गुप्ता (23) मेडिकल कालेज में डायलिसिस विभाग में टेक्नीशियन था। रविवार को मेडिकल कालेज में छुट्टी होने पर वह दोस्तों हिमांशु व दानिश के साथ पिकनिक मनाने के लिए कोटरा के समीप बेतवा नदी के किनारे गया था। तीनों दोस्त नदी के किनारे बैठकर सेल्फी ले रहे थे, इसी दौरान प्रबल का चश्मा नदी में गिर गया। चश्मा उठाने के लिए जैसे ही झुका तो गहरे पानी में डूबने लगा। वह बचाव के लिए चिल्लाया पर तैरना न आने से दोस्त कुछ नहीं कर सके। जिससे उसकी नदी में डूबकर मौत हो गई। दोस्तों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोंरो की मदद से शव को नदी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उसकी मौत से मां शोभा, छोटे भाई श्याम व अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
शव से लिपट कर मां बोली, घर पर ही रुक जाता तो बच जाता
उरई। जैसे ही प्रबल की मौत की जानकारी परिजनों को लगी तो घर में कोहराम मच गया। जानकारी पर परिजन मेडिकल कालेज पहुंचे और शव को देखते ही मां शोभा शव से लिपट गई। वह बोली कि छु्ट्टी होने पर घर में ही रहने के लिए बोला था, लेकिन उसे क्या पता था कि आज उसका लाल उससे हमेशा के लिए जुदा हो जाएगा। वह बार-बार एक ही रट लगा रही थी कि उठ जा मेरे लाल यह तूने क्या किया। नजारा देख आसपास के परिजन भी अपने आंसू नहीं देख पा रहे थे।