फोटो - 32 खोजबीन करती एसडीआरएफ की टीम। संवाद
कालपी कोतवाली क्षेत्र के उरकरा गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
कालपी। नाले में बह रहे भैंस के बछड़े को बचाने के चक्कर में युवक डूब गया। पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के उरकरा कलां गांव निवासी गया प्रसाद प्रजापति का 40 वर्षीय पुत्र लाले अपने चाचा मूल चरण के साथ गांव के बाहर बुधवार को भैंस चराने गया था। तभी बारिश होने लगी और पास ही बने बरसाती नाले में बाढ़ आ गई। तभी नाला पार करते समय भैंस का बछड़ा नाले में बहने लगा, तो उसे बचाने में युवक लाले नदी में कूद गया। पानी के तेज बहाव के कारण युवक भी नाले में बह गया।
मूलचरण ने इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को दी। पुलिस ने आसपास उसे खोजने का प्रयास किया, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। जानकारी पर एडीएम सुशील कुमार मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ की टीम के साथ उसकी खोजबनी की। लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका है। युवक के न मिलने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।