उरई। आइसक्रीम लेने गई किशोरी को दुकानदार ने हाथ पकड़कर अंदर खींच लिया और दुकान का शटर गिराकर छेड़खानी करने लगा। किशोरी ने घर पहुंचकर मां को पूरी बात बताई। महिला की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर में बताया कि मोहल्ले में शिवम की किराने की दुकान है। रविवार दोपहर उसकी 13 वर्षीय बेटी आइसक्रीम लेने दुकान पर गई थी। तभी अकेला पाकर आरोपी ने हाथ पकड़कर दुकान के अंदर खींच लिया और शटर गिराकर छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने शटर खोला और घर पर किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी ने उसके साथ जाति सूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। किशोरी जब घर पहुंची तो उसने पूरी बात अपनी मां को बताई। महिला ने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस उसके घर पहुंची तो आरोपी मौके से भाग गया। सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।