फोटो- 21 कोंच-पिंडारी मार्ग पर फंसा बालू का डंफर। संवाद
कोंच। कोंच-पिंडारी मार्ग पर रविवार रात बालू लदा डंपर फंस गया। सोमवार सुबह राहगीरों व स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन न निकलने से कई बच्चे स्कूल नहीं जा पाए। बाद में उच्चाधिकारियों के मामले संज्ञान ने आने के बाद डंपर हटवाया गया।
कोंच-पिंडारी मार्ग पर महंत नगर के पास जर्जर पड़ी सड़क अब राहगीरों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। रविवार की शाम कोंच आ रहा बालू से भरा डंपर महंत नगर में फंस गया। ड्राइवर ने काफी देर तक निकालने का प्रयास किया पर वह नहीं निकल सका। डंपर पूरी रात सड़क पर फंसा रहा और रात भर वाहनों को निकलने में दिक्कत हुई। बड़े वाहन का आवागमन ही ठप पड़ गया।
सोमवार की सुबह स्कूल समय तक डंपर नहीं निकल सका तो स्कूली वाहन भी नहीं निकल सके। इससे स्कूली बच्चे स्कूल नहीं जा पाए। नौ बजे के लगभग बालू खाली कराकर मशीन की मदद से डंपर को निकलवाया गया।
इधर, कोंच से मंडल मुख्यालय झांसी जाने के लिए कोंच-पिंडारी मार्ग सबसे महत्वपूर्ण है। बालू गिट्टी के डंपरों से सड़क जगह-जगह धंस गई है। इस पर वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। सोमवार की सुबह जैसे तैसे डंपर निकला। दोपहर में ईंटों से भरा ट्रैक्टर फंस गया। इससे फिर राहगीरों को परेशानी होने लगी।